देहरादून। उत्तराखंड में बुधवार को मौसम फिर करवट ले सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के कुल पांच जिलों में हल्की वर्षा तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना है।
गढ़वाल मंडल के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों में 3,300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान जताया गया है।

वहीं कुमाऊं मंडल के बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी हल्की वर्षा के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना है। अन्य जिलों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 19 फरवरी को चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बहुत हल्की बारिश हो सकती है। 20 से 22 फरवरी तक प्रदेश में मौसम सामान्य और शुष्क रहेगा। इसके बाद 23 फरवरी को एक बार फिर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की वर्षा तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
तापमान में बदलाव
अगले 1 से 2 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2–3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं 4 से 5 दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में भी 1–2 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक वृद्धि की संभावना जताई गई है।
पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।




