रुद्रपुर/गदरपुर: जिले के गदरपुर में आयोजित जनसुनवाई दिवस के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक पेट्रोल की बोतल लेकर आत्मदाह करने पहुंच गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की तत्परता से बड़ी अनहोनी टल गई। घटना के बाद प्रशासनिक कार्यप्रणाली और जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता पर सवाल उठने लगे हैं।

चार महीने से भटक रहा था पीड़ित
जानकारी के अनुसार युवक पेशे से चाय विक्रेता है। उसका आरोप है कि करीब चार माह पहले रविवार बाजार में अज्ञात बदमाशों ने उसकी पत्नी का पर्स छीन लिया था, जिसमें मोबाइल फोन और हजारों रुपये की नकदी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन अब तक न मुकदमा दर्ज हुआ और न ही प्रभावी कार्रवाई हुई।
पीड़ित का कहना है कि वह कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के पास गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। लगातार अनदेखी से परेशान होकर उसने जनसुनवाई कार्यक्रम में पेट्रोल की बोतल लेकर आत्मदाह का प्रयास किया।
पुलिस ने छीन ली पेट्रोल की बोतल
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और युवक के हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली। गदरपुर थाने के उप निरीक्षक संजय बोरा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर शांत कराया गया।
उन्होंने कहा कि युवक की समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया है। पुलिस के अनुसार, युवक मानसिक तनाव में था और संभवतः किसी के बहकावे में आकर उसने यह कदम उठाने का प्रयास किया।
उठ रहे प्रशासन पर सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन की कार्यशैली को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। जनसुनवाई जैसे मंच पर इस तरह की घटना ने व्यवस्था की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




