बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा: तोता घाटी में चट्टान गिरने से चालक की मौत, यात्रा से पहले बढ़ी चिंता

February 23, 2026 8:16 AM

पौड़ी जनपद में ऋषिकेश–बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया। तोता घाटी क्षेत्र में पहाड़ से अचानक भारी चट्टान गिरने से एक ट्रक उसकी चपेट में आ गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

Oplus_16908288

जानकारी के अनुसार ट्रक चालक ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन तोता घाटी क्षेत्र में पहुंचा, पहाड़ी से एक विशाल पत्थर सीधे ट्रक के केबिन पर आ गिरा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद ट्रक में फंसे चालक के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

देवप्रयाग थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुए इस हादसे में मृतक चालक की पहचान कर्णप्रयाग (चमोली) निवासी करीब 55 वर्षीय व्यक्ति के रूप में हुई है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

तोता घाटी क्षेत्र भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं के लिए पहले से संवेदनशील माना जाता है। विशेषकर बारिश और सर्दियों के मौसम में यहां खतरा बढ़ जाता है। इन दिनों सड़क चौड़ीकरण और पहाड़ी कटिंग का कार्य भी चल रहा है, जिससे ढलानों की स्थिरता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

चारधाम यात्रा से पहले अलर्ट की जरूरत
ऋषिकेश–बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग चारधाम यात्रा का प्रमुख मार्ग है। यात्रा सीजन में प्रतिदिन हजारों वाहन इसी रास्ते से गुजरते हैं। यदि समय रहते संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा जाल, पहाड़ी स्थिरीकरण और मलबा हटाने की ठोस व्यवस्था नहीं की गई तो यात्रा के दौरान हादसों और लंबी जाम की स्थिति बन सकती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तोता घाटी में स्थायी सुरक्षा उपायों की सख्त जरूरत है। प्रशासन के सामने अब चुनौती है कि यात्रा शुरू होने से पहले इस मार्ग को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जाए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment