देहरादून–पिथौरागढ़ उड़ान सेवा शुरू, पहाड़ की दूरी अब एक घंटे में सिमटी

March 26, 2026 12:41 PM

देहरादून: उत्तराखंड के सीमांत इलाकों को बड़ी कनेक्टिविटी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून–पिथौरागढ़–देहरादून विमान सेवा का शुभारंभ किया। इस नई सेवा के शुरू होने के साथ ही अब पिथौरागढ़ से देहरादून का सफर महज एक घंटे में पूरा किया जा सकेगा। इस रूट पर Alliance Air का 42-सीटर विमान संचालन करेगा।

रामनवमी के अवसर पर शुरू हुई इस सेवा को मुख्यमंत्री ने राज्य के लिए अहम उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह न सिर्फ आम लोगों की यात्रा को आसान बनाएगी, बल्कि सामरिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब हवाई यात्रा को केवल संपन्न वर्ग तक सीमित माना जाता था, लेकिन आज हालात बदल चुके हैं और आम नागरिक भी आसानी से हवाई सफर कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उड़ान योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना ने देश के छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़कर एक नई क्रांति लाई है। उन्होंने बताया कि हाल ही में इस योजना के विस्तार को मंजूरी दी गई है, जिसके तहत आने वाले वर्षों में नए एयरपोर्ट और हेलीपैड विकसित कर क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को और मजबूत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए हवाई सेवाएं अब केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि जीवन रेखा बन चुकी हैं। दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह सेवाएं आपातकालीन हालात में तेजी से मदद पहुंचाने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि इस नई सेवा से पिथौरागढ़ क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को बेहतर अवसर मिलेंगे। सरकार पिथौरागढ़ हवाई अड्डे के विकास पर भी तेजी से काम कर रही है, जिससे आने वाले समय में इस क्षेत्र को और अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है।

अब पहाड़ दूर नहीं—देहरादून से पिथौरागढ़ सिर्फ एक उड़ान की दूरी पर है

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment