रुद्रप्रयाग: मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा को एहतियातन अस्थायी रूप से रोक दिया है। जिले में देर रात से लगातार हो रही बारिश और भारी वर्षा, आंधी-तूफान की संभावना को देखते हुए यह निर्णय श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देश पर केदारनाथ पैदल मार्ग पर आवागमन कर रहे सभी यात्रियों को निकटतम होल्डिंग सेंटरों एवं सुरक्षित स्थानों पर रोका जा रहा है। प्रशासन ने सभी सेक्टर अधिकारियों और पुलिस प्रभारियों को निर्देशित किया है कि मौसम सामान्य होने तक किसी भी यात्री को आगे न जाने दिया जाए तथा होल्डिंग क्षेत्रों में ठहरे यात्रियों की लगातार निगरानी की जाए।
प्रशासन ने बताया कि यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस, SDRF, NDRF, DDRF और अन्य संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। भूस्खलन, मार्ग अवरोध, दुर्घटना या किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और मौसम सामान्य होने तक धैर्य बनाए रखें। अधिकारियों का कहना है कि यह निर्णय पूरी तरह यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
किसी भी आपात स्थिति या सहायता के लिए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) के हेल्पलाइन नंबर 8958757335, 8218326386 तथा डायल-112 पर संपर्क किया जा सकता है।




