अलकनंदा के बीच फंसी गाय को मिला जीवनदान, चमोली पुलिस और DDRF ने किया सफल रेस्क्यू

May 31, 2026 9:25 AM

चमोली:- अलकनंदा नदी के तेज बहाव के बीच फंसी एक गाय को चमोली पुलिस, DDRF और स्थानीय लोगों की संयुक्त टीम ने सफल रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस के इस मानवीय प्रयास की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली चमोली को सूचना मिली कि चमोली के समीप अलकनंदा नदी के तट पर एक गाय तेज बहाव के बीच फंस गई है। नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और बहाव इतना तेज था कि गाय के बह जाने का खतरा लगातार बना हुआ था।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय प्रकाश और आरक्षी बनबीर सिंह DDRF टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थिति का आकलन करने के बाद पुलिस, DDRF और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

तेज बहाव और फिसलन भरे तट की चुनौतियों के बावजूद टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए नदी के बीच तक पहुंच बनाई। इसके बाद रस्सियों की मदद से गाय को सुरक्षित बांधकर काफी मशक्कत के बाद नदी से बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के बाद गाय की स्वास्थ्य स्थिति की जांच के लिए पशुपालन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

इस सफल रेस्क्यू अभियान में स्थानीय लोगों ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया। वहीं, पुलिस और DDRF की तत्परता तथा संवेदनशीलता की क्षेत्रवासियों ने प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment