हरिद्वार:- हरिद्वार के सिडकुल हाईवे स्थित एक बैंक्विट हॉल में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और लोकमाता के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने अपने शासनकाल में मंदिरों, कुओं, बावड़ियों, सड़कों और धर्मशालाओं का निर्माण कर जनसेवा और लोककल्याण की अनुपम मिसाल स्थापित की। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण के कारण ही उन्हें ‘लोकमाता’ के रूप में सम्मान प्राप्त हुआ।
हरीश रावत ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर केवल एक कुशल शासक ही नहीं थीं, बल्कि वे समाज सुधार, महिला सशक्तिकरण और जनजागरण की भी प्रेरणास्रोत थीं। उनके कार्य आज भी समाज को दिशा देने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती केवल एक स्मृति दिवस नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गौरव और महिला सम्मान का प्रतीक है। धनगर समाज सहित विभिन्न समुदाय उनके आदर्शों और लोककल्याणकारी कार्यों से प्रेरणा लेते हैं। उन्होंने समाज से लोकमाता के आदर्शों को अपनाने और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।




