देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर युवक सोहेल की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार वारदात के समय मृतक का भाई घर में मौजूद था, जबकि माता-पिता हज यात्रा पर गए हुए हैं। इसी बीच हमलावर घर में घुसे और सोहेल पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए। गोली लगने से सोहेल की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।




