खटीमा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा स्थित पूर्णागिरि मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल बेहतर स्वास्थ्य का आधार है, बल्कि विकसित और समृद्ध उत्तराखंड की पहचान भी है।

पौधरोपण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। अधिक से अधिक पेड़ लगाकर और उनकी देखभाल कर हम आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और हरित भविष्य सुनिश्चित कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि जब जनता किसी अभियान को अपना मिशन बना लेती है, तब वह एक जनआंदोलन का रूप ले लेता है। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण भी तभी सफल होंगे जब हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए सक्रिय भागीदारी निभाएगा।
खटीमा से मुख्यमंत्री का यह संदेश केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्वच्छ, हरित और स्वस्थ उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प बनकर सामने आया।




