रन फॉर योगा” से गूंजा देहरादून, सीएम धामी ने दिया स्वस्थ उत्तराखंड का संदेश

June 19, 2026 11:07 AM

देहरादून : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले देहरादून की फिजाओं में योग और स्वास्थ्य का संदेश गूंज उठा। पुलिस लाइन में आयोजित “रन फॉर योगा” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग कर प्रदेशवासियों को फिट और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ एक दौड़ नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, सकारात्मक सोच और योग को जन-जन तक पहुंचाने का जनअभियान है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से योग और आध्यात्मिक साधना की भूमि रही है और यहां की परंपराएं पूरी मानवता को संतुलित जीवन का संदेश देती हैं।

सीएम धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि योग को वैश्विक पहचान दिलाने में भारत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और आज 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना चुके हैं।

उन्होंने युवाओं से योग और व्यायाम को दैनिक जीवन में शामिल करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ और ऊर्जावान युवा ही विकसित उत्तराखंड और मजबूत भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। साथ ही राज्य सरकार योग, आयुर्वेद और वेलनेस को बढ़ावा देकर उत्तराखंड को वैश्विक वेलनेस हब बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment