देहरादून : उत्तराखंड में रेलवे कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में राज्य की महत्वाकांक्षी रेल परियोजनाओं और रेलवे नेटवर्क के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण मंथन हुआ।

मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को प्रदेश के लिए बेहद अहम बताते हुए इसके निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना चारधाम यात्रा को नई गति देगी और बदरीनाथ-केदारनाथ आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए यात्रा को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और सुगम बनाएगी।

बैठक में टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने नवंबर 2026 तक इस परियोजना पर ठोस प्रगति की अपेक्षा जताते हुए कर्णप्रयाग-बागेश्वर और किच्छा-खटीमा रेल लाइनों पर भी आगे बढ़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मजबूत रेलवे नेटवर्क से पर्यटन, निवेश, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक मजबूती मिलेगी।





