नगरासू घटना पर बोले सीएम धामी- दोषियों पर होगी कार्रवाई, संवाद से निकलेगा समाधान

June 23, 2026 10:34 AM

देहरादून: नगरासू में हुई घटना को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बड़ा बयान सामने आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार, प्रशासन और पुलिस पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ मामले की निगरानी कर रहे हैं तथा सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से शांति बनाए रखने और किसी भी विवाद का समाधान बातचीत एवं संवाद के माध्यम से निकालने की अपील की।

Oplus_16908288

मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना के संबंध में संबंधित प्रतिनिधिमंडल प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर चुका है और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) लगातार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Oplus_16908288

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, जहां सभी धर्मों और आस्थाओं का समान सम्मान किया जाता है। गुरुद्वारों सहित सभी धार्मिक स्थल श्रद्धा और विश्वास के प्रतीक हैं। ऐसे में किसी भी व्यक्ति को ऐसी गतिविधियों से बचना चाहिए, जिससे किसी समुदाय या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचे। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द और भाईचारा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Oplus_16908288

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी और यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अब किसी प्रकार का विवाद नहीं है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा का भी जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है। इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचे हैं और अब तक करीब 40 लाख श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं। वहीं हेमकुंड साहिब यात्रा में भी श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुरुआती चरण में ही यहां श्रद्धालुओं का आंकड़ा करीब 1.25 लाख तक पहुंच गया है, जो पिछले वर्षों की तुलना में 20 से 25 हजार अधिक है।

सीएम धामी ने अंत में प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी मतभेद या विवाद का स्थायी समाधान संवाद और आपसी समझ से ही संभव है। सभी को संयम, सद्भाव और कानून के प्रति सम्मान की भावना के साथ उत्तराखंड की शांति और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment