खटीमा : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार शाम अपने दो दिवसीय भ्रमण पर खटीमा पहुंचे, जहां उन्होंने जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं का फीडबैक लिया। लोहियाहेड स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उसकी समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील रहने और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। इसके बाद मुख्यमंत्री अपने निजी आवास नगला तराई के लिए रवाना हो गए।






