रुद्रप्रयाग, 2 जुलाई: उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा के दौरान गुरुवार को सोनप्रयाग-मुनकटिया पैदल मार्ग पर पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटना सामने आई है। सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने यात्रा मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 9:44 बजे मुनकटिया क्षेत्र में अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे, जिससे यात्रा मार्ग पर खतरे की स्थिति पैदा हो गई। घटना के तुरंत बाद प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमों को मौके पर रवाना किया गया।


जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने के लिए जेसीबी मशीनों की सहायता से मलबा हटाने का कार्य लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही यात्रा संचालन फिर से शुरू किया जाएगा।

प्रशासन ने यात्रियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें तथा मार्ग खुलने संबंधी आधिकारिक घोषणा का इंतजार करें।




