ऋषिकेश :- ऋषिकेश की विस्थापित कॉलोनी में मां-बेटे के बीच हुआ विवाद एक दर्दनाक वारदात में बदल गया। आरोप है कि एक युवक ने विवाद के दौरान अपनी मां को तमंचे से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज एम्स ऋषिकेश में चल रहा है, जबकि पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उषा देवी और उनके बेटे सुमित गौड़ के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर सुमित ने कथित तौर पर अपनी मां पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद महिला खून से लथपथ होकर गिर गईं। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

बताया जा रहा है कि घटना के तुरंत बाद आरोपी अपनी मां को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश लेकर गया, लेकिन सूचना मिलने के बाद पुलिस के सक्रिय होने पर वह वहां से चला गया। हालांकि बाद में पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
आईडीपीएल चौकी पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपी के नशे का आदी होने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




