देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार और राज्य के स्वायत्त निकायों एवं उपक्रमों के कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। यह बढ़ी हुई दरें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होंगी।
मुख्यमंत्री के अनुमोदन के अनुसार, पांचवें केंद्रीय वेतन आयोग के तहत वेतन पाने वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 474 प्रतिशत से बढ़ाकर 483 प्रतिशत कर दिया गया है। वहीं छठवें वेतन आयोग के तहत वेतन प्राप्त करने वाले कर्मचारियों का डीए 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत किया गया है। इस फैसले से राज्य सरकार और विभिन्न स्वायत्त संस्थाओं के हजारों कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले में दो मोटर मार्गों के नाम परिवर्तन को भी मंजूरी दी है। रानीखेत क्षेत्र में बिडोरा-छेवी पातशाही गेट से धूमखेड़ा मार्ग का नाम अब ‘साहिबजादे फतेह सिंह रोड’ होगा, जबकि सौनी-डौडाखाल-तिपोला मोटर मार्ग का नाम उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय पूरण सिंह डंगवाल के नाम पर रखा जाएगा।
सरकार का कहना है कि एक ओर कर्मचारियों को आर्थिक राहत देने के लिए महंगाई भत्ते में वृद्धि की गई है, वहीं दूसरी ओर राज्य के विकास, सांस्कृतिक विरासत और जनभावनाओं से जुड़े निर्णयों के माध्यम से प्रदेश के समग्र विकास को गति देने का प्रयास किया जा रहा है।




