चमोली :- चमोली जिले में लगातार बारिश के चलते पहाड़ दरकने का सिलसिला जारी है। नंदप्रयाग–नंदानगर मोटर मार्ग पर चमन मंदिर के समीप अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और विशाल बोल्डर सड़क पर आ गिरे। सड़क बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और स्कूली बच्चों सहित सैकड़ों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

लगातार बारिश के कारण चमोली जिले के नंदप्रयाग–नंदानगर मोटर मार्ग पर चमन मंदिर के पास अचानक भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से गिरे बड़े-बड़े बोल्डर और मलबे ने सड़क को पूरी तरह ढक लिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

सुबह के समय हुई इस घटना से स्कूल जाने वाले बच्चे, शिक्षक, नौकरीपेशा लोग और स्थानीय ग्रामीण रास्ते में ही फंस गए। कई लोगों ने छोटे पत्थरों को हटाकर रास्ता खोलने की कोशिश की, लेकिन भारी बोल्डरों के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

भूस्खलन की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया, ताकि जल्द से जल्द यातायात बहाल किया जा सके।

बारिश के मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और पहाड़ी मार्गों पर पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है। लगातार हो रही बारिश के चलते जिले में भूस्खलन का खतरा अभी भी बना हुआ है।




