देहरादून :- राजधानी देहरादून के भविष्य को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा रही देहरादून महायोजना-2041 को जनभागीदारी के आधार पर अंतिम रूप देने के लिए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) का जनसंवाद अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। अभियान के चौथे दिन नगर निगम परिसर में आयोजित जनसुनवाई शिविर में सेक्टर-04 के नागरिकों, भू-स्वामियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न हितधारकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर शहर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराईं।
जनसुनवाई के दौरान नागरिकों ने भू-उपयोग, सड़क नेटवर्क, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, हरित क्षेत्रों के संरक्षण, सार्वजनिक सुविधाओं, आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों सहित कई अहम विषयों पर अपनी राय रखी। एमडीडीए के अधिकारियों ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और उनका विधिवत रिकॉर्ड तैयार किया।

इस अवसर पर एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महायोजना-2041 केवल भूमि उपयोग की योजना नहीं है, बल्कि यह अगले डेढ़ दशक में देहरादून के शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और संतुलित विकास की व्यापक कार्ययोजना है। यही कारण है कि योजना निर्माण में नागरिकों की भागीदारी को विशेष महत्व दिया जा रहा है।

एमडीडीए का कहना है कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र की अपनी अलग चुनौतियां और जरूरतें हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर प्राप्त सुझाव महायोजना को अधिक व्यावहारिक और जनहितकारी बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। जनसुनवाई में प्राप्त सभी सुझावों और आपत्तियों का तकनीकी और विधिक परीक्षण किया जाएगा तथा आवश्यक होने पर उन्हें महायोजना में शामिल किया जाएगा।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि जनसंवाद अभियान का उद्देश्य लोगों को विकास की निर्णय प्रक्रिया में सहभागी बनाना है। उन्होंने कहा कि नागरिकों से मिल रहे सुझाव महायोजना को अधिक समावेशी, संतुलित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनाएंगे। वहीं सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि पूरी जनसुनवाई प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है और हर सुझाव का विशेषज्ञों के माध्यम से परीक्षण कराया जाएगा।
गौरतलब है कि 6 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक देहरादून के सभी 12 सेक्टरों में जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के अगले चरण में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में सेक्टर-05 के नागरिकों से सुझाव लिए जाएंगे। एमडीडीए ने सभी नागरिकों, भू-स्वामियों और संबंधित हितधारकों से अधिक से अधिक संख्या में जनसुनवाई शिविरों में भाग लेकर देहरादून के सुनियोजित, संतुलित और सतत विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।




