देहरादून: बद्रीनाथ धाम में कथित चंदा हेराफेरी का मामला अब राजनीतिक टकराव का रूप लेता दिखाई दे रहा है। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बाद अब दोनों नेताओं ने बद्रीनाथ धाम में आमने-सामने बैठकर तथ्य रखने की बात कही है।


हेमंत द्विवेदी ने कांग्रेस पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रमोद नौटियाल की नियुक्ति कांग्रेस शासनकाल में हुई थी। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों के आरोप लगाने के बजाय कांग्रेस को अपने कार्यकाल का भी जवाब देना चाहिए। साथ ही उन्होंने गणेश गोदियाल को बद्रीनाथ धाम में सार्वजनिक बहस की चुनौती दी।
दूसरी ओर, गणेश गोदियाल ने कहा कि वह पहले से ही खुली चर्चा के पक्षधर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि बद्रीनाथ धाम में आमने-सामने बैठकर पूरे मामले पर तथ्यात्मक चर्चा होती है तो वह इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या दोनों नेता वास्तव में बद्रीनाथ धाम में आमने-सामने बैठकर इस पूरे विवाद पर सार्वजनिक बहस करेंगे और क्या इस बहस से चंदा हेराफेरी मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।




