देहरादून: हर्रावाला रेलवे स्टेशन के लोकार्पण अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में रेलवे क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि बहुप्रतीक्षित ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटन, व्यापार और रोजगार को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को इस वर्ष रेलवे अवसंरचना विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट मिला है, जबकि प्रदेश में 39,491 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उत्तराखंड के प्रति विशेष प्रतिबद्धता का प्रमाण है।



धामी ने कहा कि प्रदेश को मिली दो वंदे भारत ट्रेनों से यात्रियों और पर्यटकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन और चल रही रेल परियोजनाएं उत्तराखंड की विकास यात्रा में नए आयाम जोड़ेंगी तथा विकसित उत्तराखंड के संकल्प को और मजबूत करेंगी।




