ऋषिकेश :- उत्तराखंड में मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने पर एसडीआरएफ, जल पुलिस और आपदा राहत दल ने एहतियातन ऋषिकेश, मुनिकीरेती और लक्ष्मण झूला क्षेत्र के संवेदनशील घाटों को खाली कराने की कार्रवाई की।

संयुक्त अभियान के दौरान घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। राहत दल लोगों को लगातार जागरूक भी कर रहा है ताकि कोई भी व्यक्ति नदी के तेज बहाव के बीच घाटों पर न जाए।

प्रशासन ने लाउडस्पीकर के जरिए लोगों से अपील की है कि वे गंगा नदी से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कंट्रोल रूम, एसडीआरएफ या आपदा राहत दल से संपर्क करें। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पूरे क्षेत्र में निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी गई है।





