बद्रीनाथ धाम में भगवान नारायण का मुकुट चोरी करने वाला शातिर साधु गिरफ्तार, चमोली पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा

July 30, 2026 9:42 AM

चमोली: बद्रीनाथ धाम में भगवान नारायण का करीब ₹5 लाख मूल्य का सोने का मणि जड़ित मुकुट चोरी होने के मामले में चमोली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी साधु को गिरफ्तार कर चोरी गया मुकुट, नकदी और घटना में इस्तेमाल किया गया बैग बरामद कर लिया है।

Oplus_16908288

यह मामला 24 जुलाई 2026 की रात का है। आरोप है कि ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम, ब्रह्मकपाल में शरण लेने वाले राघवदास ने आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का सोने का मणि जड़ित मुकुट और नकदी चोरी कर ली। 27 जुलाई को ब्रह्मचारी भगवत दास की शिकायत पर बद्रीनाथ कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(a) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

धार्मिक आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने विशेष पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचना तंत्र और मुखबिर नेटवर्क की मदद से जांच को आगे बढ़ाया।

29 जुलाई को विवेचक उपनिरीक्षक भूपेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बद्रीश गंगा वाटिका गेट (हनुमानचट्टी रोड) के पास घेराबंदी कर आरोपी राघवराम पाठक उर्फ राघवदास (57 वर्ष), निवासी ग्राम मुनीमपुर, थाना भिनगा, जनपद श्रावस्ती (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का सोने का मुकुट और वहीं ठहरे प्रभुदास नामक व्यक्ति के बैग से नकदी चोरी की थी। उसकी निशानदेही पर चोरी गया मुकुट, ₹4,500 नकद और काला बैग बरामद किया गया।

बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। आरोपी को विधिक प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि धार्मिक स्थलों से जुड़ी आपराधिक घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment