देहरादून, 31 जुलाई। उत्तराखंड में भारी बारिश और फ्लैश फ्लड की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 31 जुलाई के लिए देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा और अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत जिला प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, राहत एवं बचाव दलों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन को यह भी कहा गया है कि भूस्खलन या मलबा आने से यदि सड़कें बाधित होती हैं तो उन्हें तत्काल खोला जाए, ताकि राहत और बचाव कार्य प्रभावित न हो।
सरकार ने पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग और बीआरओ सहित सभी एजेंसियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से चारधाम यात्रा मार्गों और अन्य संवेदनशील इलाकों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।
विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्थानीय प्रशासन को आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और पर्यटकों को मौसम की स्थिति को देखते हुए ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने कहा कि नागरिक अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का पालन करें। उन्होंने लोगों से अपील की कि नदी-नालों के पास जाने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, टोल फ्री नंबर 1070, जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 1077 या आपातकालीन सेवा 112 से तुरंत संपर्क करें।




