देहरादून :- दून विश्वविद्यालय के दीक्षारम्भ सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और शोध ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान और कौशल विकास के माध्यम से उत्तराखंड के युवाओं को वैश्विक अवसरों से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।



मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय में 28.59 करोड़ रुपये से अधिक लागत की दो प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें 11.20 करोड़ रुपये का बॉयोलॉजिकल साइंस प्रयोगशाला भवन और 17.39 करोड़ रुपये का केंद्रीय पुस्तकालय भवन शामिल है। इसके साथ ही कम्युनिटी रेडियो स्टेशन 88.4 एफएम का भी शुभारंभ किया गया।


उन्होंने घोषणा की कि केंद्रीय पुस्तकालय का नाम बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर रखा जाएगा। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए दो इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जाएंगी और विदेशी भाषा विभागों को सुदृढ़ करने के लिए नए पद सृजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप राज्य में एआई, मशीन लर्निंग, बिग डेटा और वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि साइंस सिटी और एस्ट्रो पार्क जैसी परियोजनाओं पर भी कार्य जारी है।



उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी भर्ती व्यवस्था, शोध प्रोत्साहन योजना, स्वरोजगार योजनाओं और कौशल आधारित शिक्षा के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर सीखने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।




