चमोली :- चमोली के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे, जहां उन्होंने रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।


मुख्यमंत्री ने श्रमिकों से उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल में चल रही चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए चिकित्सकों को निर्देश दिए कि घायल श्रमिकों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक श्रमिक की जान बेहद कीमती है और टनल में फंसे हर श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग करते हुए रेस्क्यू अभियान को पूरी क्षमता के साथ संचालित किया जा रहा है।


मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को समय पर सूचना उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से स्वयं बात की है। साथ ही टनल हादसे के कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि रेस्क्यू अभियान और घायलों के उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।




