देहरादून। उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण को लेकर धामी सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षा बंधन के अवसर पर 60 वर्ष से अधिक उम्र की सभी महिलाओं के लिए उत्तराखंड रोडवेज की बसों में निशुल्क यात्रा की घोषणा की है। इस फैसले से प्रदेश की साढ़े 6 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित होंगी।

सरकार के इस फैसले का सबसे ज्यादा फायदा पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों की बुजुर्ग महिलाओं को मिलने की उम्मीद है। अब 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में सफर के लिए किराया नहीं देना होगा।
मुख्यमंत्री ने शहरी क्षेत्रों में महिलाओं के लिए सुरक्षित और आरामदायक सार्वजनिक परिवहन की दिशा में भी बड़ा ऐलान किया है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत देहरादून में 10 पिंक ई-बसें महिलाओं को समर्पित की जाएंगी। योजना को आगे पूरे प्रदेश में विस्तार देने की तैयारी है।
लखपति दीदी से उद्यमी बनाने की तैयारी
महिला आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार की लखपति दीदी योजना भी लगातार आगे बढ़ रही है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 3 लाख से अधिक महिलाओं की वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक हो चुकी है। अब सरकार इन महिलाओं को उद्यमी बनाने पर फोकस कर रही है।
महिला स्वरोजगार योजना के तहत रियायती बैंक ऋण की सीमा 2 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.50 लाख रुपये करने की घोषणा की गई है। इससे महिलाएं अपना कारोबार शुरू करने के साथ ही मौजूदा स्वरोजगार को विस्तार देने के लिए अतिरिक्त पूंजी जुटा सकेंगी।
इसके साथ ही एकल महिला स्वरोजगार योजना के माध्यम से अकेले परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
आरक्षण से सुविधाओं तक बढ़ा दायरा
धामी सरकार ने सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला भी किया है। सरकार का कहना है कि इससे सरकारी सेवाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है।
वहीं, महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर आधुनिक हाईटेक टॉयलेट बनाने की घोषणा भी की गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति ने हमेशा प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सरकार हर उम्र की महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। रोडवेज में निशुल्क यात्रा और पिंक ई-बस सेवा से महिलाएं सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक लाभ उठा सकेंगी।





