सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए हुए है। रिलीज के पांचवें दिन 19.50 करोड़ की कमाई के साथ फिल्म का भारत में कुल कलेक्शन 196.50 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, वर्ल्डवाइड यह फिल्म 270.7 करोड़ कमा चुकी है। अब यह फिल्म 300 करोड़ के क्लब में शामिल होने और साल की पहली ब्लॉकबस्टर बनने से महज 29.3 करोड़ दूर है।
Border 2 Box Office Day 5 : सनी देओल की मल्टी-स्टारर वॉर एक्शन फिल्म ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी रफ्तार बनाए हुए है।
रिलीज के पांचवें दिन यानी पहले मंगलवार को फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 19.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। कामकाजी दिन (Working Day) होने के कारण कमाई में थोड़ी गिरावट जरूर दर्ज की गई है, लेकिन फिल्म अब एक बड़े रिकॉर्ड की दहलीज पर खड़ी है।
भारत में 200 करोड़ के करीब
Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में फिल्म की कुल कमाई अब 196.50 करोड़ रुपये हो चुकी है। यह फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ का आंकड़ा छूने के बेहद करीब है। पांचवें दिन हिंदी थिएटर्स में कुल ऑक्यूपेंसी 24.82% रही।
दर्शकों का उत्साह दिन चढ़ने के साथ बढ़ता गया। सुबह के शो में ऑक्यूपेंसी 11.21% थी, जो दोपहर में बढ़कर 24.22% और शाम को 29.79% हो गई। सबसे ज्यादा भीड़ रात के शो में रही, जहां 34.07% सीटें भरी रहीं।
वर्ल्डवाइड कमाई और 300 करोड़ का लक्ष्य
घरेलू कमाई के साथ-साथ विदेशों में भी फिल्म का डंका बज रहा है। वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर ‘बॉर्डर 2’ ने अब तक 270.7 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। 300 करोड़ के प्रतिष्ठित क्लब में शामिल होने के लिए फिल्म को अब केवल 29.3 करोड़ रुपये की दरकार है।
मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए माना जा रहा है कि यह फिल्म जल्द ही यह आंकड़ा पार कर लेगी और इस साल की पहली 300 करोड़ी फिल्म बनने का गौरव हासिल कर सकती है।
स्टारकास्ट को मिल रही तारीफ
फिल्म की सफलता में इसकी भारी-भरकम स्टारकास्ट का बड़ा हाथ है। सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी के एक्शन अवतार को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है।
फिल्म में फीमेल लीड के तौर पर मोना सिंह, मेधा राणा, सोनम बाजवा और आन्या सिंह ने भी अपनी भूमिका बखूबी निभाई है। सनी देओल और मोना सिंह की जोड़ी के साथ-साथ दिलजीत-सोनम और वरुण-मेधा की केमिस्ट्री भी चर्चा में है।




