देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान शनिवार को श्रीनगर गढ़वाल पहुंचे। यहां हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में उनका भव्य स्वागत किया गया। एनसीसी कैडेट्स ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। सीडीएस अपनी पत्नी अनुपमा चौहान के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए।

छात्रों-शिक्षकों से सीधा संवाद
सीडीएस हेलीपैड से सीधे विश्वविद्यालय प्रेक्षागृह पहुंचे, जहां करीब दो घंटे का कार्यक्रम निर्धारित है। इस दौरान वह छात्रों और शिक्षकों से संवाद कर उन्हें सशस्त्र बलों, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर संबोधित करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, छात्रों में इस कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।
मेडिकल कॉलेज में भी तय कार्यक्रम
विश्वविद्यालय कार्यक्रम के बाद सीडीएस मेडिकल कॉलेज पहुंचेंगे। यहां मेडिकल छात्रों के साथ विशेष संवाद सत्र आयोजित होगा। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल और आर्मी के जवान तैनात किए गए हैं।
कई दिनों से चल रही थीं तैयारियां
सीडीएस के दौरे को लेकर सेना और जिला प्रशासन कई दिनों से तैयारियों में जुटा था। हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक वाहनों की रिहर्सल की गई और पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई।
पैतृक गांव के ग्रामीणों को भी उम्मीद
सीडीएस के इस दौरे से उनके पैतृक गांव के ग्रामीणों में भी उत्साह है। हालांकि गांव का कार्यक्रम निर्धारित नहीं है, फिर भी ग्रामीण उनसे मिलने श्रीनगर पहुंचे हैं।
ग्राम प्रधान अनूप कपरवाण ने बताया कि गांव में पेयजल और सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। धनकूला स्रोत से आने वाली पेयजल लाइन बरसात में क्षतिग्रस्त हो गई थी और अब तक स्थायी रूप से ठीक नहीं हो सकी है। फिलहाल अस्थायी पाइप से पानी की आपूर्ति की जा रही है।
ग्रामीणों की ओर से सीडीएस के पैतृक घर तक इंटरलॉकिंग टाइल्स से मार्ग निर्माण का प्रस्ताव भी रखा जाएगा।
सीडीएस का यह दौरा एक ओर जहां युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, वहीं ग्रामीणों के लिए उम्मीदों का संदेश भी लेकर आया है।




