मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चिन्यालीसौड़ विकासखंड मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद बड़ेथी में भाजपा बूथ अध्यक्ष उत्तम सिंह रावत की पुत्री के विवाह समारोह में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। सीएम की उपस्थिति से समारोह में मौजूद लोग उत्साहित नजर आए।

स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी मांगें
चिन्यालीसौड़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति, अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध कराने तथा अस्पताल के उच्चीकरण की मांग उठाई। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि अस्पताल के उन्नयन को वह अपनी घोषणा में शामिल कर चुके हैं।
इसके साथ ही राजकीय महाविद्यालय के उच्चीकरण की मांग पर भी सकारात्मक आश्वासन दिया गया।

सड़क, पर्यटन और नामकरण का मुद्दा
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत, टिहरी झील प्रभावित क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और जीतू बगडवाल के नाम पर जीतू की बगोड़ी गांव का नाम रखने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन मांगों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी।
“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत अब तक 600 से अधिक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों में 5 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया है और 40 हजार से ज्यादा लोगों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक न जाना पड़े। इसी उद्देश्य से गांव-गांव में शिविर आयोजित कर मौके पर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था अधिक सुलभ और पारदर्शी बनी है।
चारधाम यात्रा की तैयारियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है और सरकार ने इसकी तैयारियां पहले से ही शुरू कर दी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार समन्वयक की भूमिका निभा रही है, जबकि यात्रा को सफल बनाने में स्थानीय हितधारकों—तीर्थ पुरोहित, होटल व्यवसायी, टैक्सी-मैक्सी संचालक और स्थानीय जनता की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में सनातन संस्कृति का उद्घोष हो रहा है और उत्तराखंड इस आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है।




