मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेला दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक होगा तथा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगमता और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले से जुड़े सभी प्रमुख कार्य अक्टूबर माह तक हर हाल में पूरे किए जाएं।
स्थायी व अस्थायी कार्यों की प्रगति
मेला नियंत्रण भवन में आयोजित बैठक में स्वीकृत स्थायी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अस्थायी कार्यों के प्रस्तावों को अंतिम रूप देकर उन्हें भी समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग के लिए थर्ड पार्टी ऑडिट कराने को भी कहा गया।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कुंभ क्षेत्र में निर्मित सभी पुलों का सुरक्षा ऑडिट कराया जाए। घाटों के सुदृढ़ीकरण, सुरक्षा रेलिंग और फिसलन-रोधी व्यवस्थाएं समय से पूरी हों। कुंभ शुरू होने से पहले सभी विद्युत लाइनों को भूमिगत करने के भी निर्देश दिए गए।
परिवहन, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन
सीएम धामी ने परिवहन एवं पार्किंग की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वैकल्पिक मार्गों को चिन्हित करने और संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए स्नान, आवागमन व ठहराव की विस्तृत योजना तैयार करने को कहा। महिला एवं वृद्ध श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कुंभ क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा तथा स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से स्वच्छता अभियान चलाने की बात कही। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बोट और बाइक एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को शीघ्र चिकित्सा सुविधा मिल सके।
सुरक्षा पर विशेष फोकस
कुंभ मेले में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, साइबर सुरक्षा, अग्निशमन और रेस्क्यू टीमों की दक्ष तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
भूमि प्रबंधन और आवंटन की पारदर्शी व्यवस्था पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेलाधिकारी स्वयं इसकी मॉनिटरिंग करें और क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त रखा जाए।
जनप्रतिनिधियों व संत समाज का सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेले के सफल आयोजन के लिए साधु-संतों, अखाड़ों, जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संगठनों का सहयोग लिया जाए तथा उनके सुझावों को प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने स्वीकृत एवं प्रस्तावित कार्यों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि कुंभ-2027 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी तैयारियां मिशन मोड में आगे बढ़ाई जाएंगी।




