देहरादून: राजधानी के थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में स्कूटी हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। अजबपुर खुर्द स्थित गणेश विहार में 14 फरवरी की रात कथित तौर पर 20 से अधिक लोगों ने एक घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

क्या है पूरा मामला?
पीड़ित अमित चौहान के अनुसार, 14 फरवरी की रात उनके घर के गेट के सामने समीर नामक युवक ने स्कूटी खड़ी कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया था। जब अमित के भाई रविंद्र रावत ने स्कूटी हटाने को कहा तो कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि कुछ ही देर बाद समीर अपने भाई साहिल, शिवम, वंशु कटारिया, दीपक निषाद और अन्य साथियों के साथ घर में घुस आया।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ की और अमित चौहान, रविंद्र रावत तथा उनके मेहमान आशीष कंडवाल पर जानलेवा हमला किया। इस दौरान घर में मौजूद 80 वर्षीय बुजुर्ग भी घटना से सहम गए।
गंभीर चोट, पैर में फ्रैक्चर
हमले में अमित चौहान के पैर में फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
मुकदमा दर्ज, सीसीटीवी फुटेज सामने
पीड़ित की शिकायत पर थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने 18 फरवरी को छह नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
इस बीच घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि फुटेज की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




