विकासनगर: सहसपुर थाना क्षेत्र के हर्बटपुर और धर्मावाला के बीच शुक्रवार शाम बोलेरो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक महिला शिक्षिका की मौत हो गई, जबकि एक शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।

स्कूल से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, राजकीय प्राथमिक विद्यालय प्रतीतपुर की प्रधानाध्यापिका सुशीला बिंजोला (59 वर्ष) अपने सहकर्मी शिक्षक प्रवीण वर्मा के साथ स्कूल की छुट्टी के बाद बाइक से विकासनगर लौट रही थीं। इसी दौरान हर्बटपुर की ओर से आ रही बोलेरो जीप से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद दोनों शिक्षक सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुशीला बिंजोला को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रवीण वर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून स्थित इंद्रेश हॉस्पिटल रेफर किया गया है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
सहसपुर थाना प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल शिक्षक को हायर सेंटर भेजा गया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और बोलेरो को पुलिस चौकी में खड़ा कर लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में लगातार हो रहे हादसे
विकासनगर क्षेत्र में सड़क हादसों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हाल ही में कालसी क्षेत्र के बैराटखाई-गंगरऊ मोटर मार्ग पर एक यूटिलिटी वाहन के खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
लगातार हो रहे हादसों ने सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




