डीजीपी के निर्देश पर देहरादून जनपद में संदिग्ध और आपराधिक पृष्ठभूमि छिपाकर रहने वाले बाहरी व्यक्तियों के खिलाफ एक महीने का सघन सत्यापन अभियान ‘Operation Crack Down’ शुरू किया गया है। सोमवार सुबह से नगर और देहात क्षेत्रों में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने व्यापक स्तर पर सत्यापन कार्रवाई की।

2,186 लोगों का सत्यापन, लाखों का जुर्माना
अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 2,186 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया।
अनियमितता पाए जाने और किरायेदारों का सत्यापन न कराने पर पुलिस ने:
83 पुलिस एक्ट में 191 व्यक्तियों के चालान कर ₹19,10,000 का जुर्माना वसूला।
81 पुलिस एक्ट के तहत 55 व्यक्तियों के चालान कर ₹13,250 का जुर्माना किया।
28 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर पूछताछ और भौतिक सत्यापन किया गया।

पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य जनपद में रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
20 चेकिंग प्वाइंट पर सख्त निगरानी
देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने जिले में आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए 20 स्थायी चेकिंग प्वाइंट निर्धारित किए हैं। सभी प्वाइंट्स पर नियमित सघन चेकिंग और पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी डोभाल ने बताया कि यह अभियान अगले एक महीने तक लगातार जारी रहेगा। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में टीम गठित कर नियमित सत्यापन और कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अपराध नियंत्रण पर फोकस
दून पुलिस की इस कार्रवाई को हालिया आपराधिक घटनाओं के मद्देनजर सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सत्यापन अभियान और चेकिंग व्यवस्था के माध्यम से जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।




