घर पर मेहमान आ जाएं और समझ न आए कि चाय के साथ क्या परोसें, तो पुराने पकौड़े और चिप्स को भूल जाइए. आप किचन में मौजूद सामान से ही मिनटों में ‘पनीर पॉपकॉर्न’ तैयार कर सकते हैं. यह डिश बाहर से जितनी कुरकुरी होती है, अंदर से उतनी ही सॉफ्ट. शाम की चाय हो या वीकेंड पार्टी, यह स्नैक हर मौके के लिए परफेक्ट है.
Paneer Popcorn Recipe : अक्सर शाम की चाय के वक्त या घर पर अचानक मेहमानों के आने पर सबसे बड़ी उलझन यही होती है कि नाश्ते में क्या बनाया जाए.
बार-बार वही आलू के पकौड़े या बिस्कुट परोसकर अगर आप बोर हो चुके हैं, तो पनीर पॉपकॉर्न एक शानदार विकल्प है. यह खाने में बेहद चटपटा होता है और इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता.
इन चीजों की होगी जरूरत
पनीर पॉपकॉर्न बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा तामझाम की जरूरत नहीं है. मुख्य सामग्री के तौर पर 1 कप पनीर (छोटे टुकड़ों में कटा हुआ), 3 चम्मच कॉर्नफ्लोर, आधा कप ब्रेडक्रम्ब्स, 2 चम्मच मैदा और 1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट रख लें.
मसालों में आपको लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला, काली मिर्च पाउडर, गरम मसाला, हल्दी, नमक और थोड़े से नींबू के रस की आवश्यकता होगी. तलने के लिए तेल और घोल बनाने के लिए पानी पास रख लें.
सबसे पहले पनीर को करें तैयार
सबसे पहले पनीर के छोटे टुकड़ों को एक बर्तन में निकाल लें. अब इन टुकड़ों पर चुटकी भर नमक और लाल मिर्च पाउडर डालकर हल्का सा मिला लें. इससे पनीर के अंदर तक फीकापन खत्म हो जाएगा और स्वाद बढ़ जाएगा.
ऐसे बनाएं करारा मसाला पेस्ट
अब एक दूसरे गहरे बर्तन में मैदा और कॉर्नफ्लोर लें. इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट, नमक, लाल मिर्च, गरम मसाला, हल्दी और काली मिर्च पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स करें.
अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी और नींबू का रस डालकर एक गाढ़ा पेस्ट बना लें. ध्यान रहे पेस्ट बहुत पतला न हो. अब मसाले वाले पनीर के टुकड़ों को इस पेस्ट में डालकर अच्छी तरह कोटिंग कर लें.
फ्राइंग का तरीका और सर्विंग
गैस पर कड़ाही चढ़ाएं और तेल गर्म करें. अब पेस्ट में लिपटे पनीर के एक-एक टुकड़े को उठाएं और उसे ब्रेडक्रम्ब्स (ब्रेड का चूरा) में अच्छी तरह लपेट लें. इसके बाद इन्हें गर्म तेल में डालें.
एक बार में 5-6 टुकड़ों को ही फ्राई करें ताकि वे आपस में चिपके नहीं. जब पनीर पॉपकॉर्न सुनहरे और क्रिस्पी हो जाएं, तो उन्हें बाहर निकाल लें.
गर्मागर्म पॉपकॉर्न पर ऊपर से थोड़ा चाट मसाला और काली मिर्च पाउडर छिड़कें. इसे हरी चटनी या टोमेटो केचप के साथ मेहमानों को सर्व करें.




