उधम सिंह नगर के जिला मुख्यालय रुद्रपुर में गुरुवार-शुक्रवार की रात एक युवा कारोबारी को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से सनसनी फैल गई। सिविल लाइन क्षेत्र स्थित उसकी दुकान के भीतर कनपटी पर गोली लगी हालत में वह गंभीर रूप से घायल मिला।
घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका उपचार एम्स में चल रहा है और स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

दुकान के अंदर लहूलुहान मिला व्यापारी
पुलिस के अनुसार, आदर्श कॉलोनी निवासी स्वर्गीय अनिल चावला के पुत्र ध्रुव चावला (25) सिविल लाइन में “शू विला” नाम से जूतों की दुकान संचालित करते हैं। गुरुवार रात करीब 9:30 बजे उन्होंने अपनी मां से फोन पर बातचीत कर जल्द घर लौटने की बात कही थी।
रात 10:30 बजे तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। मां के कहने पर उनके पार्टनर हरजिंदर दुकान पहुंचे, जहां ध्रुव खून से लथपथ अवस्था में पड़े मिले। उनकी कनपटी पर गोली लगी थी।
अवैध पिस्टल बरामद, फॉरेंसिक जांच जारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। घटनास्थल की घेराबंदी कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। जांच के दौरान दुकान से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई, जिसे कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेज दिया गया है।
सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।




