क्रिकेट विवाद के बाद बॉर्डर क्षेत्र में मारपीट, युवक घायल

February 20, 2026 6:08 AM

उधम सिंह नगर कोतवाली क्षेत्र में उत्तराखंड–उत्तर प्रदेश सीमा से सटे इलाके में क्रिकेट खेल रहे युवकों के बीच विवाद के बाद मारपीट और कथित फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। घटना में एक युवक घायल हुआ है, जिसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

Oplus_16908288

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम रुद्रपुर के सिटी-1 कॉलोनी के पास ग्राउंड से सटे यूपी क्षेत्र में कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे। यह स्थान रुद्रपुर–काशीपुर हाईवे स्थित तेल मिल के पास, यूपी के बिलासपुर थाना क्षेत्र के डिबडिबा इलाके में बताया जा रहा है। इसी दौरान वहां कुछ अन्य युवक पहुंच गए और किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों ओर से लाठी-डंडे चले, जिसमें आशु नाम का युवक घायल हो गया।

घटना के बाद दोनों पक्ष बिलासपुर कोतवाली पहुंचे, जहां पुलिस की निगरानी में उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। बताया जा रहा है कि उस समय दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता भी हो गया था और वे अपने-अपने घर चले गए थे।

हालांकि आरोप है कि शाम करीब सात बजे कुछ लोग घायल युवक आशु के घर पहुंचे और तीन से चार राउंड फायरिंग की। फायरिंग की आवाज से आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना बॉर्डर क्षेत्र में होने के कारण कुछ समय के लिए स्थिति तनावपूर्ण रही।

रामपुर के बिलासपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस बल रवाना कर दिया गया था। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment