उत्तराखंड में अवैध खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए हरिद्वार में बड़ी कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर इकबालपुर पुलिस चौकी में तैनात पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

दरअसल, इकबालपुर क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े एक ऑडियो सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने चौकी प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। मामले की विस्तृत जांच एसपी देहात को सौंपी गई है।
निलंबित पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान (चौकी प्रभारी), हेड कांस्टेबल विरेन्द्र शर्मा, हेड कांस्टेबल हरेन्द्र, कांस्टेबल विपिन कुमार, कांस्टेबल देवेश सिंह और कांस्टेबल प्रदीप शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कहा है कि राज्य में अवैध खनन, भ्रष्टाचार या किसी भी तरह की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।




