देहरादून: उत्तराखंड में एलपीजी और ईंधन की कालाबाजारी पर लगाम कसने के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने बड़ा अभियान चलाया है। 10 से 12 मार्च 2026 के बीच प्रदेशभर में सघन जांच के दौरान कुल 280 निरीक्षण किए गए।
आयुक्त खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के अनुसार, इस दौरान 58 स्थानों पर छापेमारी की गई और अनियमितता मिलने पर 4 एफआईआर दर्ज कराई गई हैं।
जांच अभियान के दौरान 74 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इसके अलावा एक वजन माप उपकरण (काटा) और दो अवैध रिफिलिंग किट भी बरामद की गई हैं। विभाग ने कार्रवाई करते हुए ₹4600 का अर्थदंड भी वसूला है।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर गैस और ईंधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध रिफिलिंग पर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं एलपीजी या ईंधन की कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग की सूचना मिले तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को जानकारी दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।




