रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम की यात्रा के दौरान शॉर्टकट का इस्तेमाल करना दो श्रद्धालुओं को भारी पड़ गया। पैदल यात्रा मार्ग पर निर्धारित रास्ता छोड़कर नीचे उतरने की कोशिश में दोनों युवक गहरी खाई में गिर गए। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

बुधवार दोपहर हुई इस घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और एसडीआरएफ, पुलिस, वाईएमएफ तथा आपदा मित्रों की टीमों को मौके पर भेजा गया। रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को खाई से बाहर निकाला।
हादसे में उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद निवासी 27 वर्षीय प्रियांशु शुक्ला की मौत हो गई। वहीं दिल्ली निवासी 27 वर्षीय मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। घायल को प्राथमिक उपचार के लिए गौरीकुंड भेजा गया है।

चारधाम यात्रा के दौरान लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या के बीच यह हादसा यात्रियों के लिए एक बड़ी सीख भी है। प्रशासन ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि यात्रा मार्ग पर बनाए गए शॉर्टकट रास्तों का उपयोग न करें, क्योंकि ये रास्ते बेहद खतरनाक हैं और कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सुरक्षित यात्रा के लिए केवल निर्धारित पैदल मार्गों पर ही चलने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। केदारनाथ जैसे दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में सावधानी ही सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है।




