राजधानी देहरादून में एक दिल दहला देने वाली घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। पटेलनगर थाना क्षेत्र में छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान सोहेल के रूप में हुई है, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, घटना के समय घर में दोनों भाई ही मौजूद थे, जबकि उनके माता-पिता हज यात्रा पर गए हुए हैं। आरोप है कि नशे की हालत में छोटे भाई ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित लोगों ने कुछ समय के लिए हाईवे जाम भी कर दिया, जिसे पुलिस ने समझाइश देकर खुलवाया।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की पड़ताल कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इस वारदात ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर नशा किस तरह परिवारों को तबाह कर रहा है।




