सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर हरिद्वार में आस्था का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने सभी पुराने आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया। हर की पैड़ी से लेकर तमाम गंगा घाट श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से पटे रहे।

प्रशासन के अनुसार, शाम की गंगा आरती तक 76 लाख 50 हजार से अधिक श्रद्धालु मां गंगा में पवित्र स्नान कर चुके थे। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के साथ पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
भीड़ के बावजूद प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय रहीं। घाटों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनी रही।

देर शाम तक भी श्रद्धालुओं का हरिद्वार पहुंचना जारी रहा। गंगा तटों पर उमड़ी यह विशाल भीड़ एक बार फिर साबित करती है कि सनातन आस्था के केंद्र के रूप में हरिद्वार की पहचान लगातार और मजबूत हो रही है।




