उत्तरकाशी : – उत्तरकाशी जिले के हर्षिल क्षेत्र में भागीरथी नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ ही प्रशासन ने बाढ़ सुरक्षा कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र ने मंगलवार को हर्षिल पहुंचकर नदी तट पर चल रहे सुरक्षात्मक निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि नदी के तेज बहाव से होने वाले भूमि कटाव को रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सुरक्षा दीवार, चैनलाईजेशन और अन्य सुरक्षात्मक निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को मौके पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी तकनीकी कमी को तत्काल दूर करने के निर्देश भी दिए।


एडीएम ने कहा कि मानसून के दौरान सभी संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों से संभावित आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए पूरी तैयारी बनाए रखने को कहा।


प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए जीएनबीएन और पुलिस रेजिडेंशियल पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया है। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग, पुलिस, राजस्व विभाग और कार्यदायी संस्था के अधिकारी भी मौजूद रहे।





