देहरादून : देहरादून के कुल्हाल बॉर्डर पर निहंग समूहों की गतिविधियों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल ने बताया कि सुबह से ही पुलिस द्वारा सभी बैरियरों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था और सुरक्षा के लिए तीन स्तरीय घेरा बनाया गया था। इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।

एसएसपी ने कहा कि शाम के समय जब कुछ समूह बॉर्डर क्षेत्र में पहुंचे तो उन्हें लगातार रोकने और समझाने का प्रयास किया गया। पांवटा साहिब में भी विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से बातचीत की गई, जिसमें कई संगठनों ने प्रशासन की बात को स्वीकार कर लिया। हालांकि एक समूह ने अलग रुख अपनाते हुए दूसरे बैरियर को तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।

प्रमेन्द्र डोभाल ने स्पष्ट कहा कि स्थिति पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार नजर बनाए हुए हैं और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि घटनाक्रम में शामिल हर व्यक्ति की पहचान की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कदम उठाए जाएंगे।




