देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता को देखते हुए राज्य सरकार ने आपदा प्रबंधन तंत्र को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से 9 और 10 जुलाई को कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी होने के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं।

प्रशासन को संवेदनशील और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, राहत एवं बचाव दलों को 24 घंटे तैयार रखने, सड़क मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखने और सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिला सूचना अधिकारियों को भी मौसम संबंधी अलर्ट आम लोगों तक समय पर पहुंचाने के लिए कहा गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 9 जुलाई को सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट और छह जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। वहीं 10 जुलाई को पांच जिलों में ऑरेंज और आठ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनियों का गंभीरता से पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। उन्होंने सभी विभागों को पर्याप्त संसाधनों और मानवबल के साथ 24×7 अलर्ट मोड में रहकर किसी भी संभावित आपदा से निपटने के निर्देश दिए हैं।




