रुद्रप्रयाग, 20 जुलाई। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर रविवार रात हुई तेज बारिश के बाद कई स्थानों पर भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाएं सामने आईं। सिरोबगड़, बांसवाड़ा, मुनकटिया और गौरीकुंड जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में सड़क पर मलबा आने से यात्रा मार्ग अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ।

हालांकि सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग और कार्यदायी संस्था की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। जेसीबी मशीनों और अन्य संसाधनों की मदद से युद्धस्तर पर राहत कार्य चलाया गया और सभी अवरोधों को हटाकर मार्ग को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया गया।

प्रशासन के अनुसार फिलहाल केदारनाथ यात्रा पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित हो रही है। बारिश को देखते हुए यात्रा मार्ग के संवेदनशील हिस्सों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मशीनें एवं टीमें तैनात हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे मौसम अपडेट पर नजर रखें और सुरक्षित यात्रा के लिए प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।




