ऋषिकेश :- अखिल भारतीय संत समिति के राष्ट्रीय सचिव एवं महामंडलेश्वर ईश्वर दास महाराज ने कहा कि चंपत राय का जीवन राम जन्मभूमि आंदोलन और सनातन धर्म के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा है, लेकिन उनके कार्यकाल में सामने आए कथित चंदा चोरी के मामले ने पूरे सनातन समाज को पीड़ा पहुंचाई है।

उन्होंने कहा कि चंपत राय दशकों से राष्ट्र और धर्म के कार्यों में सक्रिय रहे हैं। राम जन्मभूमि आंदोलन से लेकर मंदिर निर्माण तक उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है और उनकी सादगीपूर्ण जीवनशैली से पूरा समाज परिचित है।

महामंडलेश्वर ने कहा कि हालांकि, राम जन्मभूमि से जुड़े कर्मचारियों पर लगे चंदा चोरी के आरोप गंभीर हैं और इससे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वयं ट्रस्ट ने नैतिकता के आधार पर एसआईटी जांच की मांग की थी।

उन्होंने कहा कि एसआईटी के गठन के बाद तत्काल कार्रवाई हुई और आरोपित लोगों को गिरफ्तार किया गया। यह पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
ईश्वर दास महाराज ने कहा कि इस प्रकार के विवाद पूरे सनातन समाज के लिए दुर्भाग्यपूर्ण हैं और आवश्यक है कि मामले की पूरी सच्चाई सामने आए, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास और आस्था बनी रहे।




