देहरादून :- उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी वर्षा ने चारधाम यात्रा को प्रभावित किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने तथा यात्रा मार्गों पर भूस्खलन की घटनाओं के बाद प्रशासन ने सोमवार को एहतियातन चारधाम यात्रा का संचालन कुछ समय के लिए स्थगित करने का फैसला लिया है।

गढ़वाल आयुक्त ने यात्रा से जुड़े सभी जिलाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मार्ग में मौजूद श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराने, भोजन, आवास और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ मार्ग की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने कहा है कि किसी भी स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। जैसे ही मौसम में सुधार होगा और सड़कें पूरी तरह सुरक्षित होंगी, चारधाम यात्रा को चरणबद्ध तरीके से दोबारा शुरू किया जाएगा।
श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा न करें और केवल प्रशासन तथा सरकार द्वारा जारी आधिकारिक अपडेट का ही पालन करें। प्रशासन ने सभी से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की भी अपील की है।




