खटीमा, 1 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को खटीमा कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को बड़ी संख्या में सहायक उपकरण वितरित किए। साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों को वाहन उपलब्ध कराकर उनके आर्थिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा दिया।


मुख्यमंत्री ने 27 दिव्यांगजनों को 77 सहायक उपकरण और 22 वरिष्ठ नागरिकों को 113 सहायक उपकरण वितरित किए। इनमें बैटरी रिक्शा, व्हीलचेयर, कमोड चेयर, ट्राई साइकिल, हियरिंग मशीन, नी ब्रेस, बैसाखियां, वॉकर, वॉकिंग स्टिक, सिलिकॉन कुशन और सीपी चेयर शामिल हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में सभी विभागों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।


कार्यक्रम के दौरान ग्रामोत्थान रीप योजना के तहत नारी शक्ति ग्राम संगठन गदरपुर और सत्यमेव जयते सीएलएफ बाजपुर को बोलेरो वाहन तथा एकता सीएलएफ गदरपुर को फूड वैन की चाबी भी सौंपी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों से जोड़ना राज्य सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा और ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाने के लिए सरकार कई योजनाओं पर प्रभावी ढंग से कार्य कर रही है। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।




