देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने वाला सशक्त जनसंवाद मंच बन चुका है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अपने कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के उन लोगों की प्रेरणादायक कहानियों को सामने लाते हैं, जिन्होंने अपने प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, नवाचार, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर प्रधानमंत्री के संदेश जनमानस को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी अनेक लोग समाज हित में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। राज्य सरकार ऐसे व्यक्तियों और उनके प्रयासों को पहचान देने तथा प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने भीषण गर्मी के बीच स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने, गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने और पारंपरिक भारतीय पेयों को बढ़ावा देने का संदेश दिया। साथ ही आम सहित भारतीय फलों की विशेषताओं का भी उल्लेख किया गया।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने छात्राओं से संवाद कर उनके विचार जाने और उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी भी व्यक्तित्व विकास के लिए आवश्यक है। छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास समाज में बड़े बदलाव का आधार बनते हैं और निष्ठा व समर्पण के साथ किया गया कार्य दूसरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है।
इस अवसर पर विधायक महंत दलीप सिंह रावत सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।




