देहरादून :- कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देहरादून के गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के परिजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण को सुना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों लोगों को सकारात्मक सोच, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने वाला एक सशक्त माध्यम बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार के कार्यक्रम में रक्षा क्षेत्र में भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता, डीआरडीओ की उपलब्धियों, रक्षा उत्पादों के निर्यात, जल संरक्षण, हस्तशिल्पों के संरक्षण और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि इन विषयों के माध्यम से प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत करने का संदेश दिया है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज भारत रक्षा, विज्ञान, तकनीक, नवाचार और आर्थिक विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सीमांत क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं और देश वैश्विक स्तर पर अपनी नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत का सपना तेजी से साकार हो रहा है और हर नागरिक इस परिवर्तन का सहभागी बन रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रधानमंत्री के विजन को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के सम्मान के साथ-साथ विकास, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण की योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक मुन्ना सिंह चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि और पूर्व सैनिक मौजूद रहे।




